पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बक्तानगर इलाके में मंगलवार सुबह से केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से हड़कंप मच गया है। कोयला व्यवसायी किरण खां के आवास पर सुबह से ही ईडी के अधिकारी तलाशी अभियान चला रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, कोयला कारोबार से जुड़े जयदेव खायेर के एक रिश्तेदार के घर पर भी ईडी ने एक साथ छापेमारी की है। इसके अलावा व्यवसायी राजेश बंसल के घर पर भी ईडी की कार्रवाई जारी होने की जानकारी मिली है।
बताया जा रहा है कि इन सभी स्थानों पर ईडी की टीमें दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजातों की गहन जांच कर रही हैं। छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है।
एक ही समय में कई ठिकानों पर चल रही इस कार्रवाई से रानीगंज और आसपास के इलाकों में भारी सनसनी और कौतूहल का माहौल है। फिलहाल ईडी की ओर से छापेमारी के कारणों और जांच के दायरे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि माना जा रहा है कि यह कार्रवाई कोयला कारोबार से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत की जा रही है।

