वेना थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 50 लीटर देसी शराब बरामद, तस्कर फरार !
नालंदा जिले में शराबबंदी के बीच अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वेना थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब 50 लीटर देसी शराब बरामद की है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक पर भारी मात्रा में देसी शराब लेकर पैठना गांव के मालबीघा खंधा मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टीम का गठन किया और इलाके में घेराबंदी कर दी।
घेराबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और बाइक को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से करीब 50 लीटर देसी शराब और एक बाइक जब्त कर ली है। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।
वेना थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी। जब्त बाइक के आधार पर फरार तस्कर की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि नालंदा में शराबबंदी के बावजूद लगातार तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, हालांकि आरोपी का फरार होना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।






