उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में अमर शहीद मंगल पांडेय के बलिदान दिवस पर ‘बागी बलिया’ ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शहर के कदम चौराहा पर एक भव्य सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
1857 की क्रांति के अग्रदूत और बलिया की धरती के वीर सपूत मंगल पांडेय की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एक मंच पर नजर आए। सभी ने एकजुट होकर महान क्रांतिकारी को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व मंगल पांडेय समिति के अध्यक्ष शशिकांत चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में देशभक्ति के नारों की गूंज सुनाई दी, जिससे माहौल राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए शशिकांत चतुर्वेदी ने कहा कि “मंगल पांडेय जी ने जिस क्रांति का शंखनाद किया था, उसी की बदौलत आज हम आजाद हवा में सांस ले रहे हैं। उनका त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।








