बिहार की राजधानी पटना से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां खाजेकला थाना क्षेत्र के खाजेकला घाट के पास गुरुवार शाम बदमाशों ने एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान बुलेटिन राय के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि खाजेकला घाट के पास एक बुजुर्ग के साथ मारपीट की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बुजुर्ग को तुरंत इलाज के लिए गुरु गोविंद सिंह अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।








