निर्दलीय से तृणमूल के मंच पर लौटे अख्तर हुसैन, अभिजीत घटक के लिए मांगे वोट

आसनसोल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी के बीच एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। तृणमूल कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरे अख्तर हुसैन ने अब यू-टर्न लेते हुए तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में खुलकर प्रचार शुरू कर दिया है।

बराकर बस स्टैंड के समीप आयोजित तृणमूल कांग्रेस की विशाल जनसभा में अभिजीत घटक और पार्टी सांसद सायोनी घोष की मौजूदगी में अख्तर हुसैन मंच पर नजर आए। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तृणमूल उम्मीदवार अभिजीत घटक को भारी मतों से विजयी बनाएं।

जनसभा में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ी। अभिजीत घटक ने इस दौरान अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम वादे किए। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, आधुनिक इंडोर स्टेडियम, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए ऑडिटोरियम और एक नए फायर स्टेशन के निर्माण का आश्वासन दिया।

सभा को संबोधित करते हुए सायोनी घोष ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और केंद्र सरकार पर पश्चिम बंगाल के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए मिलने वाले फंड को रोका जा रहा है, जिससे योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।

अख्तर हुसैन, जो कुछ समय पहले तक तृणमूल के खिलाफ चुनाव लड़ने की तैयारी में थे, अब उसी पार्टी के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। उनके इस बदले रुख को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विपक्षी दल इसे “राजनीतिक अवसरवाद” करार दे रहे हैं, जबकि तृणमूल इसे संगठन की एकजुटता बता रही है।