पश्चिम बंगाल में चुनावी हलचल तेज, रनिगंज पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी ने मजार पर की चादरपोशी

रनिगंज (पश्चिम बंगाल): राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी सोमवार को रनिगंज पहुंचे, जहां उन्होंने मजार-ए-गोसे बंगला में चादर चढ़ाकर जियारत की।

इस मौके पर आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी दानिश अज़ीज, स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। ओवैसी के आगमन को लेकर इलाके में पहले से ही भारी उत्साह और भीड़ देखने को मिली।

जियारत के बाद ओवैसी ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और पार्टी के पक्ष में समर्थन की अपील की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा की।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एआईएमआईएम पश्चिम बंगाल में अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से चुनावी अभियान चला रही है।