रुड़की में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद पथराव, वीडियो वायरल; 11 गिरफ्तार

Roorkee के पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर गांव में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव होने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए किसी तरह मामला शांत कराया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को महमूदपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह विवाद बढ़कर पथराव में बदल गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।