पुलिस कस्टडी से फरार दुष्कर्म और POCSO एक्ट का आरोपी मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस कस्टडी से फरार दुष्कर्म और POCSO एक्ट के आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

अस्पताल से हुआ था फरार

जानकारी के मुताबिक, घायल अभियुक्त की पहचान जलालुद्दीन उर्फ डब्बू के रूप में हुई है, जो कुंडा इलाके के रहवई गांव का निवासी है। आरोपी ने एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
हालांकि इलाज के दौरान वह प्रयागराज जिले के स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज से फरार हो गया था।

पुलिस टीम कर रही थी तलाश

अभियुक्त के फरार होने के बाद पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। लगातार छापेमारी और निगरानी के बाद पुलिस को उसकी लोकेशन मिली।

मुठभेड़ में लगी गोली

मानिकपुर थाना क्षेत्र के करेंटी तिराहे के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।

अस्पताल में भर्ती

घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।