बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज सीतामढ़ी जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। माता जानकी की जन्मस्थली माने जाने वाले प्रसिद्ध पुनौरा धाम मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है और पूरे परिसर को आकर्षक रूप दिया गया है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
पूजा-अर्चना और संतों से मुलाकात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुनौरा धाम मंदिर पहुंचकर भगवान राम और माता सीता की विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। इसके साथ ही वे जगत गुरु रामभद्राचार्य से भी आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
833 साल पुराने मंदिर का होगा जीर्णोद्धार
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बखरी स्थित 833 साल पुराने राम-जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार की घोषणा करेंगे। इस पहल से धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
