रांची मंदिर गार्ड मर्डर केस का खुलासा, डॉग स्क्वॉड की मदद से तीन आरोपी गिरफ्तार

रांची के जगन्नाथ मंदिर में हुए गार्ड हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज मामले में रांची पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।

डॉग स्क्वॉड ने निभाई अहम भूमिका

जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड की भूमिका बेहद अहम रही। घटनास्थल से मिले कपड़ों को सूंघकर डॉग स्क्वॉड पुलिस को धुर्वा न्यू कॉलोनी तक ले गया, जहां से पियूष, रचित राम और बिकास नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

CCTV तोड़कर की गई वारदात

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। रचित और पियूष मंदिर के पीछे स्थित सीढ़ियों के रास्ते अंदर दाखिल हुए, जबकि तीसरा आरोपी बिकास बाहर निगरानी करता रहा।

अंदर घुसते ही आरोपियों ने सबसे पहले मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद गार्ड की हत्या कर मौके से फरार हो गए।

आधिकारिक खुलासे का इंतजार

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, मामले से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा कर सकती है।