ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के कुनुस्तोरिया एरिया स्थित पड़ाशिया कोलियरी की भूमिगत कोयला खदान में भीषण विस्फोट की घटना सामने आई है। इस हादसे में 40 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि एक मजदूर की मौत की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, खदान प्रबंधन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की पहली शिफ्ट में खदान के 27 नंबर सेक्शन में मजदूर कोयला खनन का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खदान की एक परत से जोरदार एयर ब्लास्ट हुआ, जिससे अंदर काम कर रहे मजदूर तेज वायुदाब के कारण इधर-उधर गिर गए और कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में ठेका मजदूरों के भी शामिल होने की सूचना है।
हादसे के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया तथा घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
