गोंडा जिले में हाईस्कूल की छात्रा से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार मामला छपिया थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि 17 मई को स्कूल से घर लौट रही 15 वर्षीय छात्रा के साथ आरोपी ने दिनदहाड़े छेड़खानी की। घटना से डरी-सहमी छात्रा घर पहुंचते ही रोते हुए परिजनों को पूरी जानकारी दी। घटना के बाद छात्रा इतनी भयभीत हो गई कि उसने स्कूल जाने से भी इनकार कर दिया।
परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसमें वह घायल हो गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश है और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
