मुजफ्फरपुर में कर्मचारी चयन आयोग (SSC GD) परीक्षा की दूसरी और तीसरी पाली अचानक स्थगित होने के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। शहर के बीबी कॉलेज कैंपस स्थित आदर्श ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी और सर्वर समस्या के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी। कई घंटों तक इंतजार कराने के बाद परीक्षा स्थगित करने की सूचना दी गई, जिससे दूर-दराज से पहुंचे छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिली। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर सही जानकारी नहीं दी गई और अव्यवस्था के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ी।
स्थिति बिगड़ते देख मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। छात्रों ने प्रशासन और SSC के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामे के कारण परीक्षा केंद्र के आसपास कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने परीक्षा की नई तिथि जल्द घोषित करने, तकनीकी गड़बड़ी की जांच कराने और भविष्य में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
