जनता दल यूनाइटेड की प्रमंडलीय बैठक संपन्न, संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर मंथन

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय एक दिवसीय बैठक रविवार को मांडू स्थित सनशाइन रिसोर्ट में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद एवं जदयू झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ज्योतेंद्र प्रसाद साहू ने की।

बैठक में हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद, बोकारो, चतरा और कोडरमा समेत प्रमंडल के सभी छह जिलों के कार्यकर्ताओं और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति तैयार करना रहा।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना समय की मांग है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को समर्पण के साथ काम करना होगा।

बैठक में सदस्यता अभियान को तेज करने, बूथ कमेटियों के गठन, संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा एवं स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही युवाओं, महिलाओं और नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।