विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के तहत झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वावधान में जमशेदपुर वन प्रमंडल और गीता थिएटर के संयुक्त सहयोग से एक विशेष पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के तहत मानगो क्षेत्र के 10 सरकारी विद्यालयों के करीब 150 छात्र-छात्राओं को दलमा वन्यजीव अभयारण्य का नि:शुल्क शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।इस विशेष दलमा भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को किताबों और मोबाइल की दुनिया से बाहर निकालकर प्रकृति के करीब लाना तथा उन्हें पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, वन्यजीवों और वन संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना था। भ्रमण के दौरान वन विभाग के अधिकारियों और गाइडों ने विद्यार्थियों को दलमा की जैव विविधता, वनस्पतियों और वन्यजीवों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जमशेदपुर वन प्रमंडल की डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के अंतर्गत 5 जून तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और यह भ्रमण भी उसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रकृति के महत्व को करीब से समझाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
वहीं गीता कुमारी ने बताया कि समर कैंप के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नशामुक्ति और व्यक्तित्व विकास के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
गीता थिएटर के सचिव प्रेम दीक्षित ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में पहली बार सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता देते हुए इस तरह का व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने जमशेदपुर वन प्रमंडल और डीएफओ सबा आलम अंसारी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
दलमा भ्रमण के दौरान बच्चों ने पहली बार वन्यजीवों को करीब से देखा। खास तौर पर ‘नन्हे बादल’ हाथी को केला खिलाने और उसे नहाते देखने का अनुभव बच्चों के लिए बेहद रोमांचक रहा। इसके अलावा उन्होंने दलमा वन्य प्राणी संग्रहालय का भी भ्रमण किया, जहां झारखंड की वन्य संपदा और आदिवासी संस्कृति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, वनों और वन्यजीवों की रक्षा करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुंदरम, संपूर्ण आश्रय, आरंभ और व्यक्तित्व विकास संस्थान सहित शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और वन विभाग के कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही |
