देवरिया जनपद में अपराध और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महुआडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक देवरिया के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में महुआडीह थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीला टाली के पास पुलिस ने एक डिस्कवर बाइक पर सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की।
जांच में बाइक पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश गौड़ (22 वर्ष) निवासी जंगल बेलवा तथा रंकेश चौहान (20 वर्ष) निवासी बिशुनपुर मुरार के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों ने वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल क्षेत्र से तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। बरामद वाहनों में एक प्लेटिना, एक स्प्लेंडर प्रो और एक पैशन प्रो बाइक शामिल है। पुलिस के अनुसार बरामद डिस्कवर बाइक के संबंध में पहले से ही महुआडीह थाने में चोरी का मामला दर्ज था।
पूछताछ में आरोपियों ने कसया मार्केट और जिला अस्पताल परिसर से बाइक चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और चोरी के अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
