बलिया उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश धीरज सिंह को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार धीरज सिंह हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। दोकटी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं और क्षेत्र में उसका काफी आतंक था। मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
