रामगढ़ झारखंड के रामगढ़ जिले के किसानों के लिए गर्व का क्षण है। जिले के प्रसिद्ध आम्रपाली आम ने अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी है। रामगढ़ से 4 टन (4000 किलोग्राम) आम्रपाली आम की पहली खेप विदेश के लिए रवाना की गई है। उपायुक्त ऋतुराज ने इस खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह उपलब्धि ‘लोकल टू ग्लोबल’ की दिशा में रामगढ़ के किसानों की मेहनत और प्रशासन के सहयोग का बेहतरीन उदाहरण मानी जा रही है। जिले में करीब 250 से अधिक आम के बागान हैं और इस वर्ष 100 टन से ज्यादा आम उत्पादन होने का अनुमान है। मांडू प्रखंड के मुरपा स्थित 16 एकड़ में विकसित मनरेगा पार्क से ही लगभग 20 टन आम का उत्पादन हो रहा है।
रामगढ़ के इन आमों को ‘आम्रपाली’ ब्रांड नाम से वैश्विक बाजार में उतारा जा रहा है। निर्यात प्रक्रिया के तहत एक निजी कंपनी किसानों से सीधे आम खरीद रही है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि यह पहल किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं स्थानीय किसानों और महिला कृषकों ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
रामगढ़ के आमों की यह अंतरराष्ट्रीय उड़ान न केवल जिले के किसानों का आत्मविश्वास बढ़ाएगी, बल्कि झारखंड के अन्य किसानों को भी बागवानी और निर्यात आधारित कृषि की ओर प्रेरित करेगी।
