विश्व पर्यावरण दिवस पर पौड़ी में चला पौधरोपण और स्वच्छता अभियान, जिलाधिकारी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर पौड़ी में चला पौधरोपण और स्वच्छता अभियान

पौड़ी गढ़वाल विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में वन विभाग के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर पौधरोपण, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनपद मुख्यालय से लेकर विभिन्न तहसीलों और विकासखंडों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, वन पंचायतों, पर्यावरण मित्रों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

टेका मार्ग स्थित वन पंचायत केवर्स में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में स्वाति एस भदौरिया ने मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, महातिम यादव तथा अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पौधे लगाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हम सभी की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि लगाए गए सभी पौधों की नियमित निगरानी की जाए तथा आवश्यकतानुसार ट्री गार्ड लगाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वृक्ष भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन, जैव विविधता के संरक्षण और स्वच्छ वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। वहीं गढ़वाल वन प्रभाग की ओर से जज कोर्ट परिसर के समीप भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर पौड़ी में चला पौधरोपण और स्वच्छता अभियान