हल्द्वानी उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में एक अमेजन डिलीवरी स्टोर में भीषण आग लगने से अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की जलकर और दम घुटने से मौत हो गई। हादसे में स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान, पार्सल, एक स्कूटी और एक मालवाहक टेम्पो भी जलकर खाक हो गए।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे स्टोर से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने पाया कि स्टोर का शटर बाहर से बंद था। इसके बाद कटर की मदद से शटर को तोड़कर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक अंदर मौजूद दो कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने के समय दोनों कर्मचारी स्टोर के अंदर सो रहे थे और घना धुआं भर जाने के कारण बाहर नहीं निकल सके। हादसे में डिलीवरी के लिए रखा सामान भी पूरी तरह जल गया।
पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि चार्जिंग पर लगी स्कूटी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग पर काबू पा लिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
