अवैध खनन का विरोध करना ग्रामीणों को पड़ा भारी, कोयला माफियाओं पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप

अवैध खनन का विरोध करना ग्रामीणों को पड़ा भारी

धनबाद गल्फरबाड़ी क्षेत्र के दूधिया गांव में अवैध कोयला खनन का विरोध करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। आरोप है कि खनन का विरोध करने से नाराज कोयला माफियाओं ने ग्रामीणों के घर में घुसकर मारपीट की। इस हमले में एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, घायल बच्ची का इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें निशाना बनाया गया। हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं और अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने बीती रात गल्फरबाड़ी ओपी का घेराव किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन पर रोक लगाने और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी

अवैध खनन का विरोध करना ग्रामीणों को पड़ा भारी