मोतिहारी बिहार राज्य किसान सभा का 38वां राज्य सम्मेलन मोतिहारी में तीन दिवसीय आयोजन के साथ शुरू हो गया। सम्मेलन में बिहार के विभिन्न जिलों से आए किसान प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कृषि संकट, भूमिहीन किसानों को जमीन, बढ़ती महंगाई, खाद-डीजल की कीमतों और किसानों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।
अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक ढवले ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि भूमिहीन किसानों को जमीन उपलब्ध कराना सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कृषि लागत में लगातार हो रही वृद्धि और खाद-डीजल की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका सीधा असर किसानों की आय और आजीविका पर पड़ रहा है।
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए अखिल भारतीय किसान सभा के उपाध्यक्ष एवं सांसद अमराराम ने कहा कि देश का किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उन्होंने किसानों की कर्जमाफी, कृषि उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और किसान हितों की रक्षा के लिए मजबूत आंदोलन की आवश्यकता पर बल दिया।
सम्मेलन को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बादल सरोज, संयुक्त सचिव अवधेश कुमार, बिहार राज्य किसान सभा के महासचिव विनोद कुमार, ललन चौधरी, विधायक अजय कुमार समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र प्रसाद सिंह ने की जबकि संचालन धनंजय गिरि ने किया।
सम्मेलन में किसानों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया तथा आगामी किसान आंदोलनों की रणनीति तय करने पर भी चर्चा हुई।
