शादी के 13 महीने बाद उजड़ गया सुहाग, सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत

नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के जागो बीघा निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार संजीव कुमार नगरनौसा स्थित एक मिठाई दुकान में काम करता था। सोमवार को काम समाप्त कर वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नगरनौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

संजीव कुमार की शादी 5 मई 2025 को बेना थाना क्षेत्र के सिरनाम गांव निवासी पुनीता कुमारी से हुई थी। शादी को अभी महज 13 महीने ही हुए थे। दंपति की कोई संतान नहीं थी। पति की असामयिक मौत से पत्नी गहरे सदमे में है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।