समस्तीपुर जिला विकास संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शहर में जनसंपर्क अभियान चलाकर 15 जून 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष आयोजित प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की गई। अभियान के दौरान मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आम लोगों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण औद्योगिक संस्थान वर्षों से बंद पड़े हैं, जिससे आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कम हुए हैं। उन्होंने बंद पड़ी समस्तीपुर चीनी मिल, ठाकुर पेपर मिल तथा मुक्तापुर रामेश्वर जूट मिल को पुनः चालू करने और उनके विस्तार की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
इसके साथ ही नेताओं ने दूधपूरा हवाई अड्डे के जीर्णोद्धार और पुनः संचालन की मांग भी दोहराई। उनका कहना था कि इन संस्थानों और हवाई अड्डे के चालू होने से जिले में रोजगार, व्यापार और विकास को नई गति मिलेगी।
मोर्चा ने आरोप लगाया कि वर्षों से इन मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस पहल नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
जनसंपर्क अभियान में मोर्चा के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी, भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, उपेंद्र राय, जीतेंद्र कुशवाहा, दीनबंधु प्रसाद, माकपा के सत्यनारायण सिंह, रघुनाथ राय, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी, परमानंद मिश्र, राजद के राकेश ठाकुर, राम विनोद पासवान, मनोज राय सहित विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
