मंगलौर रोडवेज बस अड्डे का होगा कायाकल्प, अक्टूबर तक पूरा होगा निर्माण कार्य

मंगलौर उत्तराखंड में रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा को परिवहन मंत्री बनाए जाने के बाद परिवहन विभाग से जुड़े विकास कार्यों में तेजी देखने को मिल रही है। जहां एक ओर रुड़की रोडवेज बस अड्डे का पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, वहीं वर्षों से बदहाल पड़े मंगलौर रोडवेज बस अड्डे के कायाकल्प का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मंगलवार को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (आरईएस) के अधीक्षण अभियंता अनुपम भटनागर ने मंगलौर रोडवेज बस अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अक्टूबर माह तक कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता अनुपम भटनागर ने बताया कि बस अड्डे के गेट और बाउंड्री वॉल सहित पुनर्निर्माण कार्य पर करीब 65 लाख रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य मानकों के अनुरूप किए जाएंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बस अड्डा जर्जर हालत में था, जिससे यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में खुशी है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही मंगलौर को बेहतर और आधुनिक सुविधाओं वाला रोडवेज बस अड्डा मिलेगा