अवैध कटान की शिकायत पर हिंदू जागरण मंच की एसएसपी से मुलाकात, सख्त कार्रवाई के निर्देश

हरिद्वार रुड़की जिले में कथित अवैध कटान की शिकायत को लेकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने हाल ही में हरिद्वार के एसएसपी से मुलाकात कर मामले से अवगत कराया था। इसके बाद गुरुवार को रुड़की स्थित गंगनहर क्षेत्र पहुंचे एसएसपी ने इस संबंध में पुलिस की कार्रवाई और आगे की रणनीति की जानकारी दी।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने बताया कि जनपद में गोकशी से जुड़े मामलों में 100 से अधिक लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, जबकि 27 लोगों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में कोई स्लॉटर हाउस संचालित नहीं है। उन्होंने बताया कि अधिकृत फैक्ट्रियों से भैंस का मांस लाकर वैध परमिट के आधार पर बिक्री की जाती है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध कटान की शिकायत मिलती है तो संबंधित थाना पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। इस संबंध में मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि नगर पालिका अध्यक्ष के साथ समन्वय बनाकर ऐसे मामलों पर नजर रखें और अवैध कटान में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने भी प्रशासन से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। संगठन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द कायम रखने के लिए अवैध कटान पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाना आवश्यक है।