प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बाबा कपिलेश्वर स्थान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना

मधुबनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मधुबनी जिले के रहिका स्थित बाबा कपिलेश्वर स्थान मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।

भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा सतत कार्यकाल पूरा करने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान महादेव के शिवलिंग पर विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश की निरंतर प्रगति की कामना की।

इस अवसर पर मधुबनी के सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव तथा पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हरि भूषण ठाकुर बचौल ने बाबा कपिलेश्वर स्थान मंदिर में पूजा-अर्चना की। नेताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकास, सुशासन और वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी प्रार्थना की। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और भारत विश्व पटल पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।