जमशेदपुर बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की पहल और लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उनके प्रयासों तथा पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक Sanjeev Sardar की अनुशंसा पर बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी रोड नंबर-4 निवासी दिव्यांग रवि शंकर मिश्रा को बैटरी चालित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई।
जमशेदपुर प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय के माध्यम से रवि शंकर मिश्रा को बैटरी चालित ट्राई साइकिल के साथ हेलमेट, बैटरी चार्जर, साइकिल में हवा भरने की मशीन तथा सुरक्षा के लिए गाड़ी लॉक भी प्रदान किया गया।
ट्राई साइकिल प्राप्त करते ही रवि शंकर मिश्रा के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। करीब 50 वर्षों से सीमित दायरे में जीवन व्यतीत कर रहे रवि शंकर मिश्रा ने कहा कि अब वे अपनी जरूरतों के अनुसार स्वतंत्र रूप से विभिन्न स्थानों तक आ-जा सकेंगे। उन्होंने इस सहयोग के लिए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, विधायक संजीव सरदार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और दिव्यांग लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगे भी क्षेत्र के पात्र लोगों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।
