मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव की एक विवाहिता के लापता होने के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज उसके पति ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया। पत्नी की बरामदगी नहीं होने से आक्रोशित पति सकरा थाना पहुंचा और थाना परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन करने लगा।
आरोपी ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पहले थाना गेट पर हंगामा किया और फिर सड़क पर लेट गया। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया और गमछा दिखाकर ट्रेन रोकने की कोशिश की। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने समझा-बुझाकर उसे रेलवे ट्रैक से हटाया। पुलिस अधिकारियों ने उसे जल्द से जल्द उसकी पत्नी की तलाश और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
बताया जा रहा है कि विवाहिता कुछ दिनों पहले घर से लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा सकरा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक उसकी बरामदगी नहीं होने से परिवार परेशान है।
पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश के लिए लगातार छापेमारी और जांच की जा रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
