नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के ससौर गांव में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। साइकिल देने से इनकार करने पर 14 वर्षीय किशोर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल किशोर की पहचान ससौर गांव निवासी विनय चौधरी के 14 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे गंभीर अवस्था में सरमेरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
अस्पताल में इलाजरत शिवम कुमार ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने उससे साइकिल मांगी थी। साइकिल देने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक मामूली विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना चिंताजनक है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
