मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शराब और बाइक सहित दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार बिस्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिस्फी से परवता जाने वाली सड़क पर एएसआई संजय कुमार के नेतृत्व में महिला सिपाहियों एवं पुलिस बल के साथ वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिस्फी चौक की ओर से परवता की तरफ जा रहा एक बाइक सवार पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।
युवक की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से कुल 3.345 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार युवक की पहचान लाखन कारोड़ी, पिता संतोष कारोड़ी, निवासी पखरौनी गांव, थाना बिस्फी के रूप में हुई है।
बिस्फी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि बरामद शराब और बाइक को जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि शराब तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
