नालंदा के चंडी थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, परिवार में पसरा मातम

नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के ठाकुर स्थान निवासी सुदेश्वर रविदास के 18 वर्षीय पुत्र बुधन कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार बुधन कुमार सालेपुर से दवा छिड़कने वाली टंकी लेकर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सालेपुर होटल के समीप चंडी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बुधन कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के बाद बाइक चालक की पहचान और आगे की कार्रवाई को लेकर जांच की जा रही है।

मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी बाइक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।