ग्रामसभा में सर्वसम्मति से खनन परियोजना के खिलाफ प्रस्ताव पारित

जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत ओड़िया पंचायत के कांकु गांव में प्रस्तावित पत्थर खदान को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। गांव के लोगों ने एकजुट होकर उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपते हुए खनन परियोजना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार मौजा कांकु के विभिन्न खाता और प्लॉटों की करीब 5.90 एकड़ भूमि पर पत्थर खदान स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। इस संबंध में आयोजित ग्रामसभा में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर परियोजना का विरोध किया और प्रशासन से इसे निरस्त करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित खदान क्षेत्र के समीप वर्ष 2023 में विकसित अंतरराष्ट्रीय बागीचा, आंगनबाड़ी केंद्र, कई आवासीय घर तथा आदिवासी समुदाय की आस्था का प्रमुख स्थल जाहेर थान स्थित है। ऐसे में खनन गतिविधियों से इन महत्वपूर्ण स्थलों और ग्रामीणों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि पत्थर खदान के संचालन के दौरान होने वाले विस्फोट, धूल और कंपन से पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि खनन कार्य शुरू होने से क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान भी प्रभावित होगी।

ग्रामसभा के निर्णय का हवाला देते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्थानीय जनता की भावनाओं और पर्यावरणीय प्रभावों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित खदान को मंजूरी न दी जाए।

फिलहाल ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन पर प्रशासनिक स्तर पर विचार किया जा रहा है। गांव के लोगों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे।