पटना जिले के मसौढ़ी में शुक्रवार शाम पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक अपराधी मारा गया, जबकि मसौढ़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार और एएसआई संजय कुमार गोली लगने से घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को एक युवक के अपहरण की सूचना मिली थी। मामले की जांच और अपहृत की बरामदगी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मसौढ़ी थाना से लगभग 400 मीटर दूर मणिचक तालाब के पास एक खेत में अपराधियों का सामना पुलिस से हो गया।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से करीब 12 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की गोली से अपर थानाध्यक्ष राहुल Kumar और एएसआई संजय कुमार घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हैदर नामक एक अपराधी गोली लगने से मारा गया। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला संगतपर निवासी रंजन कुमार के अपहरण से जुड़ा है। रंजन साइबर कैफे संचालक है और ऑनलाइन पुराने मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री का काम करता है। मोबाइल लेनदेन से जुड़े विवाद के बाद उसके अपहरण की आशंका जताई जा रही थी, जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही थी।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए अपहरण और मुठभेड़ दोनों मामलों की जांच कर रही है।
