एक ही रात पांच घरों में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी बरामद

नालंदा थाना क्षेत्र के सुरजपुर गांव में एक ही रात पांच घरों में हुई चोरी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि 5 और 6 जून 2026 की मध्य रात्रि को सुरजपुर गांव के पांच अलग-अलग घरों में अज्ञात चोरों ने नगदी, जेवरात और मोबाइल फोन की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पीड़ितों की शिकायत पर नालंदा थाना में कांड संख्या 131/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और कई स्थानों पर छापेमारी की।

जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई नकदी का एक हिस्सा भी बरामद किया गया है। पुलिस अन्य चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए भी प्रयास कर रही है।

डीएसपी ने बताया कि मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस की इस कार्रवाई से सुरजपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।