एक ही रात दो घरों में चोरी, दहशत में ग्रामीण, जांच में जुटी पुलिस

मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत हत्थापुर परसा गांव में एक ही रात दो घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अज्ञात चोरों ने वार्ड संख्या-6 स्थित दो घरों को निशाना बनाते हुए नगदी और कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार, हत्थापुर परसा पंचायत के वार्ड संख्या-6 निवासी परीक्षण दास एवं उनके पड़ोसी मोनो लाल दास के घर बीती रात करीब 2 बजे अज्ञात चोर घुस गए। बताया जा रहा है कि उस समय दोनों परिवारों के सदस्य भोजन करने के बाद गहरी नींद में सो रहे थे।

चोरों ने बड़ी ही शातिराना तरीके से घर में प्रवेश कर सामानों की तलाशी ली और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद चोर आसानी से फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और चोरी की जानकारी हुई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। एक ही रात दो घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सूचना मिलने पर बासोपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवारों से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के संदिग्ध लोगों और गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।