केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को लेकर आयोजित ‘बेमिसाल कार्यक्रम’ के तहत शनिवार को जिला अतिथि गृह में एक विशेष प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय टाइगर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रेसवार्ता की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय ने किया।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री संजय टाइगर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार की नीतियों ने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का काम किया है तथा जनता का भरोसा ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।
पत्रकारों द्वारा हाल के दिनों में पुलों के धंसने और निर्माण गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मंत्री संजय टाइगर ने कहा, “पुल बना था तभी गिरा, नहीं बनता तो गिरता कैसे।” उनके इस बयान पर प्रेसवार्ता के दौरान मौजूद लोगों के बीच चर्चा का माहौल बन गया।
उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध है और जहां कहीं भी निर्माण कार्यों में खामियां सामने आती हैं, वहां जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
मंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, बुनियादी ढांचा विकास, शिक्षा सुधार, डिजिटल इंडिया, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
