राम मंदिर दान राशि मामले की SIT जांच जारी, सूखे पौधों पर होगी कार्रवाई: प्रभारी मंत्री आशीष पटेल

 उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के दौरे पर पहुंचे प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त दान राशि में कथित गड़बड़ी के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रभारी मंत्री ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी (SIT) का गठन कर दिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ मामले की जांच करा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए गए पौधों के सूखने के मामले को लेकर भी मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण अभियान है। यदि लगाए गए पौधे उचित देखभाल के अभाव में सूख गए हैं तो यह गंभीर लापरवाही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीएफओ को निर्देश दिया गया है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पौधों का सूख जाना पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नुकसान पहुंचाने जैसा है और इसे हल्के में नहीं लिया जाएगा। सरकार पर्यावरण संरक्षण और विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह गंभीर है।