बोकारो पुलिस को स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता और तत्परता से बड़ी सफलता मिली है। नावाडीह थाना क्षेत्र के भेण्डरा-बाराडीह गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल, सात जिंदा गोलियां तथा एक स्कूटी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पुलिस अधीक्षक बोकारो को सूचना मिली कि भेण्डरा-बाराडीह गांव में दो संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नावाडीह थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हथियार रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद हथियार का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया था तथा आरोपियों का आपराधिक इतिहास क्या रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि जनता और पुलिस के सहयोग से अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है।
