असम के जोरहाट एयरबेस पर हुए एएन-32 विमान हादसे में शहीद बिहार के दो वीर जवानों अग्निवीर दानिश आलम और फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार का पार्थिव शरीर रविवार को विशेष विमान के जरिए बिहटा एयरफोर्स स्टेशन लाया गया। शहीदों के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने “भारत माता की जय” और “अमर शहीद अमर रहें” के गगनभेदी नारों के साथ अपने वीर सपूतों को अंतिम सलाम किया। शहीदों के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर पूरे सैन्य सम्मान के साथ रखा गया, जहां सेना और वायुसेना के अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
भारतीय वायुसेना की ओर से दोनों जवानों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सैन्य सम्मान की औपचारिकताओं के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांवों के लिए रवाना किया गया।
शहीदों की अंतिम यात्रा के दौरान रास्तेभर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर अपने वीर बेटों को अंतिम विदाई दी और उनकी शहादत को नमन किया। शहीदों के प्रति लोगों का सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव देखने लायक था।
दोनों जवानों की शहादत से पूरे बिहार में शोक की लहर है। वहीं परिजनों के साथ-साथ आम लोगों ने भी उनके बलिदान को देश के लिए सर्वोच्च योगदान बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
