सुगौली में न्यायालय के आदेश पर चला बुलडोजर, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

मोतिहारी पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली प्रखंड अंतर्गत दक्षिणी छपरा बहास-सुगौली बायपास रोड स्थित छपरा बहास बाजार में रविवार को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। न्यायालय के आदेश के आलोक में अंचल प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाया गया।

जानकारी के अनुसार भूमि विवाद से जुड़े मामले में न्यायालय में वाद दायर किया गया था। न्यायालय के निर्देश के बाद अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी कुंदन कुमार, थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह तथा भारी पुलिस बल की उपस्थिति में कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम ने विवादित भूमि पर बने अतिक्रमण को हटाते हुए न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराया।

अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। हालांकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे अभियान की निगरानी की और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती।

कार्रवाई से प्रभावित लोगों ने अपनी-अपनी आपत्तियां और पक्ष भी सामने रखा। वहीं प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है तथा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रशासन ने लोगों से सरकारी एवं विवादित भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि न्यायालय के निर्देशों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।