जमशेदपुर मानगो नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 33 के जनप्रतिनिधि एवं भावी प्रत्याशी चुनचुन चौधरी उर्फ रंजीत चौधरी ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मेयर सुधा गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सफाई, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी मेयर को दी।
समस्याओं की जानकारी मिलने के बाद मेयर सुधा गुप्ता स्वयं वार्ड संख्या 33 पहुंचीं और स्थानीय लोगों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जाम नालियों, कचरे के ढेर और सफाई व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया।
मेयर के निर्देश पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसके तहत नालियों की सफाई कर जमा गंदगी और कचरा हटाया गया। अभियान के दौरान चुनचुन चौधरी भी मौजूद रहे और सफाई कार्य की निगरानी करते हुए स्थानीय लोगों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
सफाई अभियान के बाद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था में सुधार देखने को मिला। लंबे समय से सफाई की समस्या से जूझ रहे वार्डवासियों ने अभियान पर संतोष जताते हुए मेयर और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह नियमित रूप से सफाई एवं विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की नागरिक सुविधाएं और बेहतर हो सकें।
