राजगीर में डबल डेथ से बढ़ा तनाव, भीड़ की पिटाई में घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत

नालंदा जिले के राजगीर स्थित झुनकिया बाबा मंदिर के पास कथित भीड़ हिंसा में घायल हुए दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी 24 वर्षीय पिंटू पासवान और 22 वर्षीय श्रवण पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद मंगलवार को दोनों का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया गया, जबकि पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार की अहले सुबह मंदिर परिसर के समीप आयोजित श्रद्धालुओं की पंगत के दौरान दोनों युवक मंदिर के पीछे की ओर जाते हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद उन्हें लेकर संदेह की स्थिति बनी और कथित रूप से भीड़ द्वारा उनकी पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी कई सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है तथा मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।