बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैमूर जिले के दौरे के दौरान 196 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार कैमूर पहुंचे सम्राट चौधरी ने जिले में 20 योजनाओं का शिलान्यास और 40 योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कैमूर और रोहतास को राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
कैमूर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता मुंडेश्वरी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। इसके बाद उन्होंने मुंडेश्वरी धर्मशाला परिसर में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने बाद में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार कैमूर और रोहतास जिले में पर्यटन विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुंडेश्वरी धाम, ताराचंडी मंदिर, कैमूर वन क्षेत्र और अन्य ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों को विश्वस्तरीय पर्यटन सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
सभा में मुख्यमंत्री के साथ उच्च माध्यमिक शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, स्थानीय विधायक तथा एनडीए के विभिन्न घटक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन के विकास से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सरकार सड़क, पेयजल, पर्यटन, शिक्षा और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई योजनाओं पर तेजी से काम कर रही है, जिससे कैमूर और रोहतास जिले विकास के नए केंद्र के रूप में उभरेंगे।
