खानपुर में प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

समस्तीपुर बिहार सरकार के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का निरीक्षण सोमवार को खानपुर प्रखंड सह अंचल परिसर में किया गया।

जिलाधिकारी समस्तीपुर रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर वहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने उपस्थित आमजनों एवं लाभुकों से संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को सुना। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदन और शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंच सके।

डीएम और एसपी ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद को मजबूत करना है, जिससे लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान संभव हो सके। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

शिविर में बड़ी संख्या में लाभुकों ने भाग लिया और विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए। मौके पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।