नालंदा जिले के गिरियक प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। ईंट भट्टे से मजदूरी कर लौट रहे लोगों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक करंट दौड़ जाने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान घोषरावा गांव निवासी रूदल मांझी (50) और उनकी पत्नी फूलो देवी (45) के रूप में हुई है। दोनों ईंट भट्टे पर मजदूरी करने के बाद अन्य श्रमिकों के साथ बस से अपने गांव लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में लदी एक साइकिल का हैंडल सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली तार से टकरा गया। बताया जा रहा है कि बिजली का तार काफी नीचे झूल रहा था। संपर्क होते ही हाई वोल्टेज करंट बस में फैल गया और यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
हादसे में रूदल मांझी और फूलो देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटक रहे थे, जिसकी शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है, वहीं हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है
