भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया और पुलिस टीम को खुलेआम धमकाने लगा। युवक ने पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तानते हुए कहा कि “सबको ठोक दूंगा।” मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के बलौटी गांव की है। आरोपी की पहचान भरत तिवारी के रूप में हुई है। सामने आए करीब सात मिनट के वीडियो में युवक हाथ में पिस्टल लिए पुलिस चौकी में बैठा दिखाई दे रहा है। इस दौरान वह थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मियों को लगातार धमकियां देता नजर आ रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि थानाध्यक्ष स्थिति को शांत करने की कोशिश करते हुए युवक को समझा रहे हैं। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों को पीछे हटने का भी निर्देश दिया, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भरत तिवारी बार-बार पुलिसकर्मियों को चुनौती देते हुए कह रहा था कि बदमाशों को देखकर भाग जाते हो और मेरे सामने पिस्टल दिखाते हो। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैर में दो गोलियां मारीं, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास समेत घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
