कोशी के 74 वर्षों के इतिहास में पहली बार बुद्धिजीवियों का महाजुटान

 कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद चुनाव के संभावित प्रत्याशी रजनीश रंजन ने 21 जून को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जिले के सभी पंजीकृत स्नातक मतदाताओं को आमंत्रित किया है। इस संबंध में बुधवार को सुपौल जिला मुख्यालय स्थित शहनाई रिसोर्ट में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रजनीश रंजन ने कहा कि वे कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद चुनाव लड़ने के लिए संकल्पित हैं और पिछले लगभग दो दशकों से शिक्षा, सामाजिक सरोकार तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाला स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम कोशी क्षेत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा, जहां बड़ी संख्या में शिक्षाविद, बुद्धिजीवी, युवा, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्नातक मतदाता एक मंच पर जुटेंगे।

रजनीश रंजन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्नातक मतदाताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और क्षेत्र के विकास, शिक्षा, रोजगार, तकनीकी कौशल, युवाओं के भविष्य तथा सामाजिक बदलाव से जुड़े मुद्दों पर अपना विजन साझा करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनसंवाद सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और जनता की राय के आधार पर ही क्षेत्र के विकास की रूपरेखा तैयार की जानी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि कोशी के 74 वर्षों के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर स्नातक मतदाताओं और बुद्धिजीवियों का महाजुटान होने जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, शिक्षकों, शिक्षाविदों और समाज के प्रबुद्ध लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

रजनीश रंजन ने कहा कि यह संवाद केवल चुनावी कार्यक्रम नहीं, बल्कि कोशी क्षेत्र के भविष्य को लेकर एक गंभीर विमर्श का मंच होगा। उन्होंने सभी स्नातक मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर अपने सुझाव और विचार साझा करने की अपील की।

बताया गया कि 21 जून को सुपौल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में कोशी क्षेत्र के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में स्नातक मतदाताओं के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन आगामी विधान परिषद चुनाव से पहले क्षेत्र की राजनीतिक और बौद्धिक गतिविधियों का केंद्र बन सकता है।