समाहरणालय के समक्ष राजद का एकदिवसीय धरना, बिहार सरकार पर साधा निशाना

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बिहारव्यापी आह्वान पर गुरुवार को मधुबनी जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने भाग लिया और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सह राजद जिला अध्यक्ष रम आशीष यादव ने कहा कि यह धरना केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार की जनता की आवाज है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, मजदूरों की बदहाल स्थिति तथा आम नागरिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर राजद सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है।

रम आशीष यादव ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। खाद्य पदार्थों से लेकर दैनिक उपयोग की वस्तुओं तक के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान में विफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि बिहार में युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं, जिसके कारण बड़ी संख्या में युवा पलायन को मजबूर हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और मजदूर वर्ग भी विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है। सरकार को इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए।

धरना के दौरान वक्ताओं ने कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी उठाया। नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान तक राजद का संघर्ष जारी रहेगा।

कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और जनहित के मुद्दों पर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।