मधुबनी जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत केरवा गांव में बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-227 (एनएच-227) को जाम कर घंटों हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर शव रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मृतक की पहचान केरवा गांव निवासी पुरन सदाय (30 वर्ष), पिता स्व. सूट्टा सदाय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर बासोपट्टी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के समय बाइक पर दो लोग सवार थे और वे अपने एक रिश्तेदार के यहां जा रहे थे।
इस हादसे में बाइक पर सवार दूसरा युवक खईका सदाय, पिता शोभित सदाय, निवासी झिटकोहिया मुसहरी टोला (बासोपट्टी थाना क्षेत्र) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज मधुबनी सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मृतक का शव एनएच-227 पर रखकर सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बासोपट्टी थाना पुलिस पर मामले में लापरवाही, संवेदनहीनता और मिलीभगत का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने समय पर उचित कार्रवाई नहीं की।
सड़क जाम के कारण एनएच-227 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कई घंटों तक बाधित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
काफी मशक्कत और प्रशासनिक आश्वासन के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की है।
